'Scrapbook of my Thoughts' is a platform to share my views on things happening around me. I try to express my ideas, opinions, feelings and emotions candidly. All my creations are purely for my happiness and fulfilment. Read, enjoy and move on. Share if you like!

Saturday, March 26, 2022

हे शंकराचार्य! पुनः आओ


                                हे शंकर! पुनः आओ

आज के परिपेक्ष में हर सनातन धर्मी भारतवासी का यह कर्तव्य हो चला है की अपने व्यस्त जीवन की आपाधापी में से दो घड़ी समय एकांत का निकाले और अपने आप से एक सवाल पूछें – अगर यूक्रेन जैसी परिस्थिति कभी भारत पर आ जाए तो हम कौन से देश में भाग कर जाएंगे? हमारा कौन सा पड़ोसी देश हमें शरण देगा - पश्चिम में पाकिस्तान, उत्तर में हिमालय के उस पार चीन, पूर्व में बांग्लादेश या दक्षिण में सागर मध्य श्रीलंका? हम सनातनी किस ओर पलायन करेंगे? सवाल किसी बाहरी देश द्वारा युद्ध का नहीं है, वरन आंतरिक देश विरोधी ताकतों का भी है। पश्चिम में पाकिस्तान द्वारा प्रायोजित आतंकवाद, उत्तर में चीन का विस्तारवाद, पूर्व में बांग्लादेश का कट्टरवाद तो भारत के भीतर धर्मांतरण करती ताक़तों, वामपंथी एवं आंदोलन जीवियों का छद्म युद्ध – इन सबसे बचते बचाते कहाँ शरण लेंगे हम? ज़रा सोचो, हमारे परिवारों में से कौन पीछे रुकेगा जो इनसे लोहा लेगा और कौन शरणागत होगा? 


आधुनिक भारत के इतिहास में धर्मांतरण एक जटिल चुनौती है। अनेकों प्रकार के प्रलोभन एवं छद्म दे-दे कर भोली भाली जनता को गुमराह किया जा रहा है। कहीं पैसे का लालच, कहीं विदेश भेजने का वादा, शादी का झांसा या फिर मुक्ति का मार्ग दिखा लोगों को पागल बनाया जा रहा है। हास्यास्पद बात यह है की जिस जातीय समीकरण को तोड़ने का प्रलोभन दिखा तथाकथित निम्न वर्ग एवं जनजातियों को दूसरे धर्म जैसे बुद्ध, इस्लाम व ईसाई बनाया जा रहा है, ‘जाती’ उनका वहाँ भी पीछा नहीं छोड़ रही है, जाती-विहीन इन धर्मों में भी जातीय समीकरण बन गए हैं। आजादी के बाद धर्मांतरण रोकने में बहुत बड़ी भूमिका डेरों की रही। डेरों एवं आश्रमों ने समाज के शोषित वर्गों को बांध के रखा एवं बहुत बड़ी संख्या में धर्मांतरण रोकने में अहम भूमिका निभायी। परंतु पिछले दस सालों में प्रमुखता उत्तर भारत में डेरों का पतन हुआ और धर्मांतरण की आँधी यहाँ खूब चल रही है। प्रमुख़ डेरा जैसे संत आसाराम आश्रम एवं डेरा सच्चा सौदा प्रमुख संत गुरमीत राम रहीम ‘इंसा’ को जेल भेजना एवं कुछ मीडिया घरानों द्वारा द्वेष की भावना से हिंदू धर्म को बदनाम करने के कारण काफ़ी क्षति हुई। निरंकारी बाबा श्री हरदेव सिंह जी, जगद्गुरु कृपालु जी महाराज, सच्चे संत श्री रामसुखदास जी महाराज के अकस्मात् निधन ने भी भरपूर क्षति पहुँचायी। इसी कारण मुख्यतः पंजाब, हरियाणा, हिमाचल, उत्तराखंड, राजस्थान, उत्तर प्रदेश एवं मध्य प्रदेश में धर्मांतरण खूब फैला। गुरुओं की भूमि पंजाब में ईसाई धर्मांतरण ज़ोरों पर पनप रहा है, सर पर पगड़ी पहने गले में क्रॉस लटकाए लोग आम हो चले हैं। हरियाणा में मेवात क्षेत्र पड़ोसी ज़िलों पलवल, गुरुग्राम एवं फ़रीदाबाद तक बढ़ रहा है। उत्तराखंड में ख़ाली पड़े घरों में रोहिंग्या द्वारा कब्जा करने की खूब खबरें चलीं।


आज भारत को एक और जगतगुरु आदि शंकराचार्य की पुरज़ोर ज़रूरत है जो समस्त भारतवर्ष को एक सूत्र में पिरो सके। इतिहास गवाह है यदि शंकर ना होते तो सनातन धर्म का बचना असंभव था, सम्पूर्ण भारत बौद्ध हो गया होता। शंकर ने केरल से चल कश्मीर तक भारत को एक सुत्रीय सनातन संस्कृति में ढाला एवं धर्म रक्षा के यज्ञ में अग्रीण आहुति दी। शंकर ने कपोल बातों पर लोगों को जीवंत नहीं किया वरन तर्क से अनंत ज्योति प्रज्वलित करीं। यही कारण है कि आज हज़ार साल बाद भी यह ज्योति जल रही है। आज ऐसे ही तर्कसंगत शंकराचार्य की भारतभूमि को तलाश है, जो व्यवहार में सच्चा हो तथा धर्म से अडिग, जो राजनीति से परे हो वरण लोगों से जुड़ा हो। एक ऐसा युगपुरुष जो दूसरों से विचार सुन सके एवं अपनी ज्ञान गंगा से जनमानस को तार सके। आज ज़रूरत है सुशुप्त पड़े डेरों को जाग जाने की, एक नयी युवा चेतना को इनकी कमान संभालने की, जो पुराने व्यसनों एवं कुरीतियों की बेड़ियों को तोड़ सके, एवं नवीन सूत्रधार पिरोने की क्षमता रखें।


अगर हम अब भी नहीं जागे, तो बहुत देर हो जाएगी। देश विरोधी ताकतें अगर जीत गयी तो भारतवासियों का अस्तित्व संकट में आ जाएगा। आज ज़रूरत है एक सशक्त नेतृत्व की एवं अपनी सेना पर पूर्ण भरोसा रखने की। अगर हम अपनी ही सेना पर तंज कसेंगे और शक करेंगे तो हमें कुछ हासिल नहीं होगा। आज ज़रूरत है हमें अपनी सेना को मजबूत करने की, एवं कठिन फैसले लेने वाले शीर्ष नेतृत्व की - राजनीति पटल पर भी तथा धार्मिक पटल पर भी। 


- जगदीप सिंह मोर, शिक्षाविद


_(यह लेखक के निजी विचार हैं)_

Friday, March 4, 2022

छद्मावरण, झूठ एवं जंग


 

छद्मावरण, झूठ एवं जंग

 

आधुनिक इतिहास गवाह है कि हर युद्ध से पहले विकसित देशों ने एक झूठ का पुलिंदा तैयार किया और छद्मावरण ओढ़े अपना वक्तव्य प्रबल किया। जिसका पश्चिमी मीडिया ने खूब प्रचार प्रसार किया और आम आदमी तक इसको किसी प्रलोभन की तरह पहुँचाया। आम जनता के मन में भय बनाया गया और युद्ध को एक मात्र विकल्प के रूप में समझाया गया। 


अपनी याददाश्त को थोड़ा झंखोर कर देखिए तो पिछले बीस सालों में गढ़े गए ऐसे अनेकों जुमले आपको याद आएँगे। सूपरपॉवर अमेरिका इस खेल का प्रखर खिलाड़ी है, पश्चिमी मीडिया हाउस जैसे बी॰बी॰सी॰, सी॰एन॰एन॰, टाइम मैगजीन, द गार्डियन, द इकॉनमिस्ट, वॉशिंटॉन पोस्ट इत्यादि ने अपने आकाओं का भरपूर साथ दिया और झूठे वर्णन की खूब दुँधूबी बजायी। अमेरिका के स्वर में स्वर मिलाया नाटो देशों ने। इसी खेल में इन्हीं के रचे नियमों का फायदा उठाया रूस एवं चीन ने। उन्होंने भी अपने स्वयं रचित नैरेटिव राग को खूब ज़ोर शोर से गाया और संसार को सुनाया। 

               

आपको याद ही होगा कैसे अमेरिका ने इराक में जैविक हथियार होने के अपने सिद्धांत को खूब चलाया, ऐसा माहौल बनाया कि अगर इराक पर हमला नहीं किया गया तो दुनिया बर्बाद हो जाएगी। सभी को लगा जैसे अमेरिका ही दुनिया का रक्षक है, जिसे स्वयं सृष्टि रचयिता ने भेजा है सद्दाम हुसेन रूपी राक्षस का हरण करने। पर हुआ क्या? एक भी जैविक हथियार नहीं मिला और अच्छे भले देश को बर्बादी के अनंत सागर में झोंक दिया गया, जिससे वह आज तक उभर नहीं पाया है। वरन असली बात तो यह थी कि अमेरिका की बुरी नज़र इराक के कच्चे तेल भंडार पर थी जिसका उसने बखूबी दोहन किया।   


अफ़ग़ानिस्तान को ही देख लो, जिसको लेकर क्या क्या नहीं लिखा गया, निरंतर एक दशक तक मीडिया ने क्या-क्या राग नहीं आलापे, परंतु हुआ क्या? बहुत बेआबरू हो कर अमेरिका को वहाँ से निकलना पड़ा। बेचारा अफ़ग़ानिस्तान एक सदी पीछे धकेल दिया गया। 


मसीहा बनकर आने वाले राष्ट्रपति ओबामा ने सीरिया के लिए भी कुछ ऐसा ही छद्मावरण रचा। लाखों लोग बेघर हुए, हज़ारों मारे गए, दस लाख से अधिक रेफ़्यूजी हो गए, देश मिट्टी में मिल गया और ओबामा साहब को मिला शांति के लिए नोबेल पुरस्कार। वाह रे! पश्चिमी जगत, तेरी लीला अपरम्पार। 


ऐसा ही झूट अब बोला जा रहा है। रूस चिल्ला चिल्ला कर कह रहा है कि यूक्रेन नाटो की कठपुतली बन रहा है, वो हमारे लिए ख़तरा है इसलिए युद्ध ही एकमात्र विकल्प है। उधर नाटो देश कह रहे हैं की हमारा यूक्रेन से कोई सीधा संबंध नहीं है, बल्कि यूक्रेन के ज़रिए रूस यूरोप में घुसना चाहता है। दोनो पक्ष अपनी अपनी ढपली बजा रहे हैं। यहाँ भी मसला कुछ और ही है, किसी को किसी से खतरा नहीं है वरन रूस की नजर बहुत समय से यूक्रेन के विशाल उपजाऊ मैदानी भाग पर रही है, पूर्वी यूक्रेन में खनिजों का भंडार है, क्रिमिया में उष्ण पानी के बंदरगाह है जिसे वह हड़पना चाहता है। 

कुछ ऐसा ही खेल चीन भी खेल रहा है। चीन भी पिछले कुछ समय से मुखर रूप से कह रहा है कि उसकी विशाल संप्रभुता को नन्हें से हांग-काँग व ताइवान से ख़तरा है। यह बिलकुल वैसा ही है जैसे जंगल में लकड़बग़्घा कहे कि मुझे खरगोश से ख़तरा है। और खतरा भी इतना की जंग छेड़नी पड़ेगी। 


हर जंग से पहले ये सूपरपॉवर देश ऐसे ही झूटे पुलिंदे खड़े करते हैं, जिसे इनके मीडिया हाउस दिन रात दोहराते हैं जिससे आम जनमानस में इनके पक्ष में धारणा बन सके। जब तक जंग मध्य एशिया तथा अफ्रीका में होती रही तब तक यह गोरी चमड़ी वाले खूब जंग के पक्षधर बने रहे। आज जब युद्ध इनके घर के पिछवाड़े में ही छिड़ गया तब इनकी चूलें हिल गयीं हैं। ‘गोरों से गोरे लड़ें, करें तृतीय विश्व युद्ध का आग़ाज़’, आज इनका राष्ट्रगान बन चुका है। संयुक्त राष्ट्र कठपुतली का खेल दिखाने का मैदान भर रह गया है। सारे देश भाषण बाजी कर अपनी जिम्मेदारियों से मुक्त हो रहे हैं। कितनी बड़ी विडम्बना है कि रूस अपने ही  खिलाफ लाए प्रस्ताव को वीटो कर रहा है। 


इन बड़े देशों को यह समझना चाहिए की इनके द्वारा शुरू की गयी जंगों का असर सदियों तक रहता है। ये देश तो अपने सारे आधुनिक हथियारों का परीक्षण कर निकल जाते हैं, पीछे रह जाती हैं इन हथियारों के खरीदारों से सजी लदी मंडियाँ। जहां इन हथियारों की बोली लगायी जाती है, और छोटे से छोटा देश भी बड़े से बड़ा हथियार खरीदना चाहता है। पूरा विश्व दो खंडों में बट कर रह जाता है, और दुनिया के किसी ना किसी कोने में युद्ध निरंतर चलता रहता है। युद्ध के नियम भी इनके, हथियार भी इनके और रेफ़री भी ये ही। आज सम्पूर्ण मानवजाति को यह सोचना होगा कि ये विस्तारवाद कब तक चलेगा? क्यूँ मनुष्य ही मनुष्य का दुश्मन बना हुआ है? महान शायर साहिर लुधियानवी की यह नज़्म आज के परिपेक्ष में बिल्कुल सटीक बैठती है : 


ख़ून अपना हो या पराया हो, 

नस्ल-ए-आदम का ख़ून है आख़िर

जंग मशरिक़ में हो कि मग़रिब में, 

अम्न-ए-आलम का ख़ून है आख़िर

बम घरों पर गिरें कि सरहद पर, 

रूह-ए-तामीर ज़ख़्म खाती है

खेत अपने जलें कि औरों के, 

ज़ीस्त फ़ाक़ों से तिलमिलाती है

टैंक आगे बढ़ें कि पीछे हटें, 

कोख धरती की बाँझ होती है

फ़त्ह का जश्न हो कि हार का सोग, 

ज़िंदगी मय्यतों पे रोती है

जंग तो ख़ुद ही एक मसअला है, 

जंग क्या मसअलों का हल देगी

आग और ख़ून आज बख्शेगी, 

भूख और एहतियाज कल देगी

इस लिए  शरीफ़ इंसानो, 

जंग टलती रहे तो बेहतर है

आप और हम सभी के आँगन में, 

‘शम्अजलती रहे तो बेहतर है ।।

 

जगदीप सिंह मोर, शिक्षाविद